November 2, 2026 9:50 pm

Madhya Pradesh: शिवसेना युवासेना की पत्रकार वार्ता: नगर के 23 वार्डों के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाए जाएंगे डमरू : प्रदेश महासचिव सुनील वर्मा

पीएनपी न्यूज़

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

17 अगस्त को श्री बैजनाथ महादेव मंदिर में होगा ऐतिहासिक 5100 डमरू आरती एवं पूजन महोत्सव, तैयारियों का हुआ श्रीगणेश

 

आगर मालवा, 9 जुलाई। आगामी 17 अगस्त को श्री बैजनाथ महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 5100 डमरू आरती एवं डमरू पूजन महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को शिवसेना युवासेना द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। शिवसेना युवासेना मध्यप्रदेश के राज्य प्रमुख अनुराग सोनार के निर्देशानुसार संगठन द्वारा इस महाआयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दी गई हैं।

 

पत्रकार वार्ता से पूर्व नगर स्थित चिंतामण गणेश मंदिर (बड़ा तालाब के पास) में भगवान श्री गणेश के श्रीचरणों में प्रथम निमंत्रण अर्पित किया गया। इसके पश्चात श्री बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में डमरू पूजन कर आयोजन का विधिवत श्रीगणेश किया गया तथा आयोजन की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर शिवसेना युवासेना मध्यप्रदेश के प्रदेश महासचिव सुनील वर्मा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 17 अगस्त को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक दृष्टि से ऐतिहासिक होगा। नगर के सभी 23 वार्डों में संगठन के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर आयोजन का निमंत्रण देंगे तथा प्रत्येक परिवार तक डमरू पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए वार्ड स्तर पर विशेष आयोजन टोलियों का गठन किया जा रहा है, जो जनसंपर्क, निमंत्रण एवं आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाओं का दायित्व निभाएंगी।

उन्होंने बताया कि आयोजन में हजारों शिवभक्तों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन में शिवसेना कोटे से भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री, शिवसेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता तथा मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिवसेना युवासेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शिवभक्त भी आयोजन में सहभागिता करेंगे।

 

प्रदेश संगठन प्रमुख एवं आगर जिला डमरू आयोजन प्रभारी दिनेश विश्वकर्मा ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक दायित्व का समयबद्ध, अनुशासित एवं समन्वित रूप से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल शिवसेना युवासेना का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे आगर नगर का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव है। नगर के सभी 23 वार्डों में घर-घर पहुंचकर समाज के प्रबुद्धजन, मातृशक्ति, व्यापारी वर्ग, युवा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों सहित प्रत्येक नागरिक को आयोजन से जोड़ना है। सभी के सहयोग, सहभागिता एवं आशीर्वाद से इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भव्य शिव भजन संध्या आयोजित की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए 5100 डमरुओं की सामूहिक आरती, भव्य निरंजन आरती तथा महाप्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है।

आयोजन के लिए समाजसेवी डॉ. बालचंद विश्वकर्मा को संरक्षक तथा शिवसेना युवासेना नगर अध्यक्ष महेंद्र माली को आयोजन संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न समितियों में अलग-अलग दायित्व सौंपे जा रहे हैं, ताकि आयोजन का प्रत्येक कार्य सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि 17 अगस्त को श्री बैजनाथ महादेव मंदिर में आयोजित होने वाला 5100 डमरू आरती एवं पूजन महोत्सव आगर मालवा के धार्मिक इतिहास का एक भव्य, दिव्य एवं अविस्मरणीय आयोजन बनेगा।

पत्रकार वार्ता के समापन अवसर पर उपस्थित सभी पत्रकारों का सम्मान किया गया। इस दौरान आगामी 5100 डमरू आरती एवं पूजन महोत्सव का निमंत्रण देते हुए भगवान शिव के पावन प्रतीक डमरू भेंट किए गए।

 

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे—

प्रदेश मंत्री दिनेश मालवीय, उज्जैन संभाग अध्यक्ष देवकरण परमार, जिला प्रभारी मेहरबान सिंह पवार, जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह बगड़ावत, वरिष्ठ नेता राहुल विश्वकर्मा, महिला सेना जिला अध्यक्ष काजल बागड़े, जिला उपाध्यक्ष माया ठाकुर, जिला महामंत्री देव यादव, नगर उपाध्यक्ष भारत जी सहित शिवसेना युवासेना के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शिवभक्त बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें