November 2, 2026 10:44 pm

Madya Pradesh: स्कूल बसों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं — जिला पुलिस आगर मालवा का 10 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

अभियान के प्रथम दिवस 52 स्कूली वाहनों की सघन जांच, नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वाहनों पर कार्रवाई, ₹38,700 का समन शुल्क वसूल।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

*स्कूल बस, ऑटो, टाटा मैजिक, इक्को कार सहित सभी स्कूली वाहनों के सुरक्षा मानकों, दस्तावेजों एवं तकनीकी स्थिति का किया गया परीक्षण।*

 

रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान पीएनपी न्यूज़

आगर मालवा / पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश भोपाल (पुलिस परिवहन शोध संस्थान) के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित विशेष स्कूल वाहन चेकिंग अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस आगर मालवा द्वारा पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन में जिलेभर में 08 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक दस दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है अभियान का उद्देश्य स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना, स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराना तथा यातायात नियमों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

 

इसी क्रम में आज दिनांक 09 जुलाई 2026 को अभियान के प्रथम दिवस जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित स्कूल बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों का व्यापक निरीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान यह विशेष ध्यान रखा गया कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वाहनों की जांच स्कूल परिसर अथवा विद्यार्थियों के सुरक्षित उतरने के उपरांत ही की गई, जिससे यातायात व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों।

 

निरीक्षण के दौरान केन्द्रीय विद्यालय आगर सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित कुल 52 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिनमें 22 स्कूल बसें, 12 ऑटो, 08 टाटा मैजिक, 05 इक्को कार एवं 05 अन्य वाहन शामिल रहे। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC), चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की तकनीकी स्थिति, ब्रेक, आपातकालीन निकास, अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी, स्पीड गवर्नर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। साथ ही वाहन चालकों एवं संचालकों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित स्कूल बस सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

 

चेकिंग के दौरान विभिन्न सुरक्षा एवं यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 23 वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹38,700 का समन शुल्क वसूल किया गया। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

 

जिला पुलिस आगर मालवा समस्त विद्यालय संचालकों, वाहन मालिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें, वाहनों का नियमित रखरखाव कराएं, निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों का परिवहन न करें तथा प्रत्येक स्कूल वाहन में निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें।

 

यह विशेष स्कूल वाहन चेकिंग अभियान आगामी 17 जुलाई 2026 तक जिलेभर में निरंतर संचालित रहेगा। अभियान के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय में संचालित वाहनों की नियमित जांच कर विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अभिभावकों का विश्वास और बच्चों की सुरक्षा दोनों सुदृढ़ बनी रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें