November 2, 2026 10:44 pm

Ballia news: सीएमओ ने किया मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण, मरीजों की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश।

संवाददाता अजीत कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैरिया बलिया। रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्साधिकारी बलिया डॉ. विजय कुमार यादव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरली छपरा पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया और मरीजों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभारी चिकित्साधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने इमरजेंसी रजिस्टर, इमरजेंसी कक्ष, उपस्थिति रजिस्टर, दवाओं के रख-रखाव, स्टोर रूम और महिला प्रसव केंद्र की गहन जांच की। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण को नियमित, अद्यतन और पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही मौजूद मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए सीएमओ ने प्रसूताओं को ठंड से बचाने के लिए समुचित व्यवस्था, पर्याप्त कंबल उपलब्ध कराने और स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. देवनीति सिंह को निर्देशित किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरली छपरा एवं प्रभावती देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयप्रकाश नगर में बंद पड़ी एक्स-रे मशीनों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि मरीजों को जांच के लिए दूर न जाना पड़े। सीएमओ ने यह भी जानकारी दी कि प्रभावती देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयप्रकाश नगर में जल्द ही इमरजेंसी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र के सभी न्यू पीएचसी के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर डॉ. आनंद श्रीवास्तव, एआरओ तुलसी यादव, फार्मासिस्ट रामसूरत, लैब टेक्नीशियन प्रेम बहादुर, वार्ड बॉय सतेन्द्र यादव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें