संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5.0 के तहत जनपद पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में पुलिस अधिकारी, महिला बीट आरक्षी एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, नए आपराधिक कानूनों, सरकारी योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। पुलिस टीमों ने चौराहों, बाजारों, कस्बों, मंदिरों, शॉपिंग मॉल, भीड़भाड़ वाले इलाकों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर छात्राओं व महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, वन स्टॉप सेंटर, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला ई-हाट योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस ने बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिला उत्पीड़न, बालश्रम और ऑपरेशन मुक्ति के अंतर्गत की जाने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में भी बताया। साथ ही छोटे बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक कर किसी भी समस्या की सूचना तुरंत अभिभावकों या पुलिस को देने की अपील की गई। इसके अलावा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करने की सलाह दी गई। पुलिस ने पासवर्ड सुरक्षा, अनजान कॉल से बचने, निजी व बैंकिंग जानकारी साझा न करने और फ्री वाई-फाई के उपयोग में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। अंत में महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस), 1098 (चाइल्ड लाइन), 108/102 (स्वास्थ्य सेवा) आदि की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।











