संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेवती पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घाघरा नदी पार बिहार बॉर्डर के डूमाइगढ़ क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 40,000 लीटर लहन और 20 अवैध शराब भट्ठियों को नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी के नेतृत्व में की गई। थाना रेवती के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी गोपालनगर उपनिरीक्षक रंजीत कुमार समेत पुलिस टीम ने मंगलवार को घाघरा नदी के उस पार दुर्गम इलाके में दबिश दी। मौके पर भारी मात्रा में अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया लहन और संचालित भट्ठियां बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह क्षेत्र लंबे समय से अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के लिए कुख्यात था। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी हालत में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।











