रेवाड़ी, 27 दिसंबर ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जन समस्याओं के निवारण के लिए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर आमजन की शिकायतों का निवारण पूरी संजीदगी के साथ कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज विधायक ने अपने आवास पर लोगों की शिकायतें सुनते हुए उनका समाधान करवाया।
विधायक लक्ष्मण यादव ने जन सुनवाई करते हुए नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी स्वदेशी उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करेंगे तो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय कारीगरों व उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
जन सुनवाई के अवसर पर विधायक ने रेवाड़ी शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियानों में सहयोग करने और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
विधायक ने बताया कि रेवाड़ी के सौंदर्यकरण के लिए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें हरित क्षेत्रों का विस्तार, सड़कों का सुधार और सार्वजनिक सुविधाओं का उन्नयन शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग से रेवाड़ी को एक स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए मौके पर ही निवारण करवाया। इस अवसर पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।











