रिपोर्टर: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज़, महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक महिला के लिव-इन पार्टनर ने महज तीन साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बच्ची को पीटा और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली। बच्ची की “गलती” सिर्फ इतनी थी कि उसने सोते समय आरोपी के कपड़ों पर शौच कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 दिसंबर की है। आरोपी मौलाली उर्फ अकबर अब्दुल रज्जाक मुल्ला शराब के नशे में सो रहा था। उसी दौरान बच्ची उसके पास सो रही थी। बच्ची द्वारा कपड़ों पर शौच किए जाने से गुस्साए आरोपी ने उसे बेरहमी से पीटा और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के समय बच्ची की मां शैनाज जाफर शेख घर पर मौजूद नहीं थीं।
*मां को गुमराह कर आरोपी हुआ फरार
जब शैनाज घर लौटीं तो आरोपी ने झूठ बोलते हुए कहा कि बच्ची गिर गई है। इसके बाद वह मां और बच्ची को पहले एक निजी अस्पताल ले गया। डॉक्टरों द्वारा सरकारी अस्पताल रेफर करने पर आरोपी दोनों को कर्नाटक के विजयपुर ले गया, लेकिन बस स्टैंड पहुंचते ही वह फरार हो गया।
इसके बाद मां अपने पहले पति की मदद से बच्ची को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बच्ची की मौत गला घोंटने से हुई थी।
#हत्या के आरोप में गिरफ्तार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सोलापुर एमआईडीसी पुलिस ने आरोपी मौलाली मुल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ **भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103** के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
एक महीने से साथ रह रहे थे
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद वाघमारे ने बताया कि शैनाज और आरोपी मूल रूप से कर्नाटक के विजयपुर के रहने वाले हैं। शैनाज अपने पहले पति को छोड़कर करीब एक महीने पहले ही मौलाली के साथ सोलापुर के कोंडाननगर इलाके में रहने आई थीं। आरोपी पेशे से राजमिस्त्री था, जबकि शैनाज धुलाई-सफाई का काम करती थीं। शैनाज के चार बच्चे थे, जो उसी के साथ रहते थे।
पुलिस ने कहा कि घटना सोलापुर में हुई है, इसलिए मामले की जांच सोलापुर एमआईडीसी पुलिस कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।











