ग्रामीणों की सतर्कता से बची बड़ी वारदात, पुलिस ने की छापेमारी तस्करों में मचा हड़कंप।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बैरिया (बलिया)। उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर अवैध शराब और गौ-तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की देर रात चांददियर चौकी क्षेत्र में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई की खबर फैलते ही सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों ने रात में एक पिकअप वाहन को पशुओं से भरा देखा, जो बिहार की ओर जा रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी बैरिया पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि यदि ग्रामीणों द्वारा यह सूचना समय पर न दी जाती, तो गौ-तस्कर आराम से बॉर्डर पार कर चुके होते। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके से शराब और पशुओं की तस्करी की कोशिश की गई हो। कई बार सूचना देने के बावजूद सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी का सिलसिला जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस और आबकारी विभाग की मौजूदगी के बावजूद तस्कर सक्रिय हैं और रात के अंधेरे में अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि प्राप्त सूचना के आधार पर जांच की जा रही है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।











