November 2, 2026 9:49 pm

वशिष्ठ नगर में कोटेदार पर घटतौली के आरोप, ग्रामीण बोले– 35 किलो के बजाय मिल रहा सिर्फ 28 किलो राशन।

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह

बैरिया (बलिया)। विकास खंड रेवती के वशिष्ठ नगर सस्ते गले की दुकान के कोटेदार राजनाथ यादव पर ग्रामीणों ने घटतौली, धमकी और मनमानी के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पूरा राशन नहीं मिल पा रहा है, शिकायत करने पर धमकाया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार की सुबह दर्जनों कार्डधारकों को कोटेदार ने यह कहकर लौटा दिया कि “आज अंगूठा नहीं लगेगा, मैं खेत में बुवाई कर रहा हूं।” लोगों ने बताया कि सात यूनिट वाले कार्ड पर 35 किलो राशन का हक है, लेकिन तौल में सिर्फ 33 किलो दिया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि घर पहुंचते-पहुंचते वजन घटकर मुश्किल से 28 किलो रह जाता है। आरोप है कि कोटेदार ई–पीओएस मशीन से अंगूठा लगवाने के बाद ‘सेटिंग’ किए गए इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करता है, जिससे वजन कम निकलता है। इतना ही नहीं, दुकान पर राशन वितरण की जानकारी का कोई बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार पिछले करीब 25 वर्षों से इसी दुकान का संचालन कर रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी दी जाती है। डर के माहौल के कारण अधिकांश लोग खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं। एक ग्रामीण ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “जो आवाज उठाता है, उसका अगली बार राशन रोक दिया जाता है।” ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की गई, लेकिन आज तक किसी ने जांच नहीं की। इस मामले में सप्लाई इंस्पेक्टर से संपर्क करने की कोशिश की गई, परंतु उनका फोन नहीं उठाया गया।

 

*कोटेदार का पक्ष*

इस संबंध में कोटेदार राजनाथ यादव ने बताया कि “पिछले तीन दिनों से राशन वितरण चल रहा था। आज खेत में आलू की बुवाई थी, इसलिए कुछ उपभोक्ताओं को बाद में आने के लिए कहा गया।”

 

*ग्रामीणों की मांग*

ग्रामीणों ने जिला पूर्ति अधिकारी से मांग की है कि वशिष्ठ नगर कोटेदार की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को उनका पूरा हक मिल सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें