संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। ददरी मेला को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर मेला की तैयारियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐतिहासिक ददरी मेला जिले की प्रतिष्ठा और पहचान से जुड़ा है। इसे सकुशल सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के सभी इंतज़ामों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। पशु मेला, मीना बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे मेला क्षेत्र में शांति, स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखें, जिससे यह परंपरागत मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।











