संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। थाना चितबड़ागांव पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण से संबंधित मुकदमे में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर एवं क्षेत्राधिकारी (सदर) मोहम्मद उस्मान के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष चितबड़ागांव दिनेश पाठक के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, स्थानीय थाना क्षेत्र की एक महिला के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी दिनांक 29 जून 2017 को हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार की थी। कुछ समय तक दाम्पत्य जीवन सामान्य रूप से चलता रहा, लेकिन बाद में पति व ससुराल पक्ष के लोग बिजनेस के लिए पैसे की मांग करने लगे। जब पुत्री ने पैसे देने से इंकार किया तो उसके पति अंगद, ससुर रणजीत सिंह और सास द्वारा प्रताड़ना शुरू कर दी गई।
पीड़िता के पिता ने बताया कि दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को जब उन्होंने दामाद अंगद को फोन किया तो उसने बताया कि उनकी पुत्री की मृत्यु हो चुकी है और पोस्टमार्टम व पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। परिजनों ने आशंका जताई कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से ही उनकी पुत्री ने आत्महत्या की है। इस मामले में थाना चितबड़ागांव पर मु.अ.सं. 200/2025 धारा 108 BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित आरोपी रणजीत सिंह पुत्र स्व. विजय कुमार सिंह, निवासी बीबीपुर, थाना चितबड़ागांव, जनपद बलिया उम्र लगभग 28 वर्ष को बीबीपुर प्रथम तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।











