Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बैरिया बलिया। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेवती थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 310 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब और शराब बनाने की भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया मो0 फहीम कुरेशी के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक गौतम सरोज मय हमराह टीम क्षेत्र में अवैध शराब के निष्कर्षण, परिवहन और बिक्री की रोकथाम हेतु भ्रमणशील थे। इसी दौरान टीम ने मुखबिर की सूचना पर कोलनाला क्रासिंग के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे के समीप छापा मारा और दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राकेश बाँसफोर पुत्र दुलारचन्द बाँसफोर निवासी दाई छपरा थाना बैरिया तथा धर्मेन्द्र पासवान पुत्र पंचानन्द पासवान निवासी दुसाध टोला, कस्बा रेवती वार्ड नं.-02 थाना रेवती के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से 15 लीटर के 14 जरिकैन (210 लीटर) तथा 20 लीटर के 05 छोटे ड्रम (100 लीटर) में भरी कुल 310 लीटर नाजायज अपमिश्रित शराब बरामद की। इसके अलावा 900 ग्राम नौसादर, 1300 ग्राम फिटकरी, 1600 ग्राम यूरिया और 1800 ग्राम नमक सहित शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद 1100 लीटर लहन (कच्ची शराब बनाने का घोल) और 32 भट्टियां नष्ट कीं।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।











