संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बलिया। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना नगरा पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
शुक्रवार को थानाध्यक्ष नगरा अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक उमाशंकर मय हमराह टीम द्वारा सार्वजनिक स्थान पर निर्धारित मानक से अधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले दो डीजे संचालकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम में देवब्रत उपाध्याय, कांस्टेबल राजीव भारती एवं वाहन चालक कांस्टेबल रामजनम यादव शामिल थे।
पुलिस के अनुसार दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान कस्बा नगरा में विभिन्न डीजे संचालकों द्वारा अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाया जा रहा था। मौके पर मौजूद पुलिस ने डीजे संचालकों को ध्वनि कम करने व अनुमति पत्र दिखाने के लिए कहा, परंतु वे कोई अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके।
डीजे संचालकों द्वारा उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा निर्देशों का उल्लंघन करने तथा आमजन में असुविधा उत्पन्न करने पर पुलिस ने थाना नगरा पर मुकदमा अपराध संख्या 297/2025 धारा 292 बीएनएस, 15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 तथा 4/6 ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 के अंतर्गत पंजीकृत किया।
*पुलिस ने मौके से डीजे साउंड सिस्टम जब्त कर दो अभियुक्तों*:-
रवि रंजन सिंह, पुत्र हरिशंकर सिंह, निवासी सुन्दरा थाना आयर, जिला भोजपुर (बिहार) हाल पता ग्राम जगदीशपुर, थाना जगदीशपुर, जिला भोजपुर (बिहार)
सोनू उर्फ मोहम्मद साहिद, पुत्र मंजूर, निवासी बसारतपुर, थाना कोपागंज, जिला मऊ को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।
इस अभियान की सफलता अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में प्राप्त हुई।
पुलिस अधीक्षक बलिया ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक आयोजनों में निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करें तथा बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न करें, अन्यथा विधिक कार्यवाही की जाएगी।











