November 2, 2026 9:41 pm

गोवर्धन पूजन में सामाजिक एकता का संदेश, कहा– देवी-देवताओं को जाति में बांटना महापाप : सूर्यभान सिंह।

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह

बैरिया बलिया। शुक्रवार की देर शाम संसार टोला जयप्रकाश नगर में परंपरागत गोवर्धन पूजन का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र और पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया, वहीं हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

 

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने कहा कि किसी भी देवी-देवता को वर्ग या जाति की संकीर्ण सोच में बांधना महापाप के समान है। उन्होंने कहा कि जो लोग धर्म और जाति के नाम पर समाज में विभाजन की दीवार खड़ी करते हैं, वे कभी समाज का भला नहीं कर सकते। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा, “भगवान कृष्ण ने सदैव गरीब, असहाय और पीड़ितों के साथ रहकर उनके कल्याण के लिए कार्य किया। उनका जीवन हमें एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देता है।”

भावुक होते हुए श्री सिंह ने कहा कि हर वर्ष वे स्वयं इस पर्व को भव्य रूप में मनाते थे, किंतु कुछ लोगों द्वारा जातिगत भेदभाव फैलाने से पूजा में गतिरोध आ गया था। उन्होंने समाजसेवी रामबाबू यादव को धन्यवाद देते हुए कहा, “मैं अपने छोटे भाई रामबाबू का आभारी हूँ, जिन्होंने इस वर्ष से इस परंपरा को फिर से जीवित किया। मैं उनसे आग्रह करता हूँ कि यह आयोजन कभी बंद न हो। जब भी जरूरत होगी, मैं तन-मन-धन से इस पूजन में सहयोग करता रहूँगा।” भाजपा नेता ने लोगों से आह्वान किया कि वे जाति-पांति के बहकावे में न आएँ। उन्होंने कहा, “आप सोचिए कि जाति के नाम पर चुना गया जनप्रतिनिधि क्या आपके सुख-दुख में आपके साथ खड़ा होता है? इस पर अवश्य मनन करें।”

उन्होंने आगे कहा कि इसी धरती के सपूत लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने जनेऊ तोड़कर जाति-पांति की कुरीति के खिलाफ संकल्प लिया था। आज हमें भी इस पावन अवसर पर उसी संकल्प को दोहराना चाहिए।

कार्यक्रम के संयोजक समाजसेवी रामबाबू यादव ने सभी अतिथियों और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों, सम्मानित पत्रकारों और समाजसेवियों की इतनी बड़ी उपस्थिति हमारे गाँव के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा, “मैं अपने गाँव के सैकड़ों युवाओं और सहयोगियों को धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने दिन-रात एक कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया। आप सबके सहयोग और आशीर्वाद से ‘जयप्रकाश नगर’ को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में कोई कसर नहीं छोड़ूँगा।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता बृज बिहारी यादव ने की, जबकि संचालन शिक्षक संगम अली और रामायण यादव ने किया।

कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, पत्रकार, समाजसेवी और कोडरहा-नौबरार क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। अंत में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भोजपुरी लोकगायक चंदन यादव और आदिति राज के भक्तिमय गीतों का आनंद लिया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें