Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 5 सितंबर जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
डीसी अभिषेक मीणा ने महान शिक्षाविद एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस पर बाल भवन में आयोजित समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान जिला बाल कल्याण अधिकारी विरेन्द्र यादव, समाजसेवी रिपुदमन गुप्ता, मनोज यादव सहित अनेक अध्यापक मौजूद रहे।
डीसी अभिषेक मीणा ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देकर व उनका मार्गदर्शन करके उन्हें अच्छा इंसान बनाते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। डीसी ने कहा कि शिक्षक अपने शिष्य के चरित्र एवं भविष्य के निर्माता होते हैं, जो उनके ज्ञान के दीपक को प्रज्ज्वलित कर अज्ञानता के तिमिर को मिटाते हुए राष्ट्र-निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षकों को डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के मार्ग पर चलना चाहिए। बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, ताकि हमारा विकसित भारत का सपना साकार हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी रिटायर नहीं होते। हमें उनसे सदैव कुछ ना कुछ सीखने को मिलता है। डीसी ने कहा कि सरकार द्वारा अब स्कूलों में ऑनलाइन और डिजिटल क्लास रूम के जरिए पढ़ाई हो रही है, जिससे बच्चे अच्छी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
डीसी ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन न सिर्फ एक विद्वान शिक्षक थे, बल्कि एक महान दार्शनिक और राजनीतिज्ञ भी थे। एक शिक्षक का व्यवहार मर्यादित, अनुशासित और स्नेह पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक स्कूलोंं में कमजोर बच्चों को भी साथ लेकर उन्हें अच्छा मार्ग प्रशस्त करें, ताकि वे भी भविष्य में अपने माता-पिता, गांव व देश का नाम रोशन करे। उन्होंने कहा कि जो बच्चे पढ़ाई के लिए अभिभावक से दूर रहें हैं, उनसे लगातार संपर्क में रहना चाहिए।
डीसी ने सभी शिक्षकों से आग्रह किया है कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करते हुए आत्मनिर्भर व आधुनिक भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। डीसी मीणा ने 11वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को पुस्तकें भेंट की। उन्होंने बाल भवन में बनाए गए सिलाई सेंटर में प्रशिक्षु महिलाओं को सिलाई मशीनें भी प्रदान की।











