Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी , 4 सितंबर जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी, महेश कुमार
धारूहेड़ा व आसपास के क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश ने एक बार फिर भिवाड़ी औद्योगिक कस्बे से आने वाले प्रदूषित पानी की समस्या को गहरा दिया है। बीते दो दिनों से यह गंदा पानी बाइपास पर बने पलावर से क्रॉस होकर धारूहेड़ा पहुंच रहा है, जिससे सेक्टर-4, सेक्टर-6 और दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी जलभराव हो गया है। इससे हाइवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को जाम और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है बल्कि हर साल बरसात के मौसम में यही हालात बनते हैं। कई दशक बीत जाने के बावजूद प्रशासन ने अब तक प्रदूषित पानी की निकासी के लिए कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला। धारूहेड़ा कस्बा लंबे समय से इस प्रदूषित पानी के दंश को झेल रहा है। कुछ साल पहले भिवाड़ी बाईपास पर रैंप बनने से हालात में थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब बारिश अधिक होने के कारण यह पानी रैंप के ऊपर से ओवरफ्लो होकर धारूहेड़ा में प्रवेश कर रहा है और कस्बे की गलियों व सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा कर रहा है।











