Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 3 सितम्बर जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने पूर्व सैनिक कल्याण संगठन की ओर से ईसीएचएस पोली क्लिनिक द्वारा धनराशि जमा कराने के बावजूद 17 सालों से जमीन स्थानांतरित नहीं करने, पशुपालन तथा डेयरी विभाग की विभिन्न मांगों समेत रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र की अनेकों समस्याओं व मांगों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर मांगे रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए क्रमबद्ध तरीके से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखी मांगों के संबंध में बताया कि पूर्व सैनिक कल्याण संगठन की ओर से उन्हें एक पुरानी व गंभीर समस्या को लेकर मांगपत्र सौंपा था। जिसमें बताया गया कि अक्तूबर 2008 में सेक्टर दस में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा ईसीएचएस पोली क्लिनिक के निर्माण हेतू 1005 स्कवेयर मीटर भूमि का आवंटन किया गया था। ईसीएचएस द्वारा इस भूमि की निर्धारित राशि 1909500 रुपये जमा करा दी गई थी। इसके बावजूद प्राधिकरण द्वारा भूमि की कन्वेंस डीड व मुटेशन आज तक नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि पिछले 17 सालों से ईसीएचएस लगातार पत्राचार कर रहा है, लेकिन जमीन नाम नहीं किए जाने के कारण आज तक ईसीएचएस पोली क्लिनिक भवन का निर्माण नहीं हो सका है। यह भवन आज भी किराये के भवन में लगातार अपनी जगह बदलता रहता है। यही कारण है कि जो सुविधाएं पूर्व सैनिकों, विरांगनाओं व माताओं-बहनों को मिलनी चाहिए, वह नहीं मिल पा रही है। इसलिए इसके कारणों का पता लगाते हुए, लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए इसका समाधान कराया जाए।
विधायक ने मुख्यमंत्री को पशुपालन एवं डेयरी विभाग संबंधी मांगों से अवगत कराते हुए बताया कि दक्षिण हरियाणा का एकमात्र राजकीय वेटनरी पॉलीक्लिनिक सहारनवास में सुविधाओं का अभाव है। जिसके चलते समय पर उपचार नहीं मिलने से क्षेत्र के पशुपालक काफी परेशान है। इसलिए इस पॉलीक्लिनिक में जल्द से जल्द एक्सरे मशीन, अल्ट्रासाउंड मशीन व उच्च स्तरीय माइक्रोस्कोप उपलब्ध कराया जाए। साथ ही हॉट लाइन से बिजली कनेक्शन दिया जाए, ताकि पशुओं का ईलाज त्वरित हो सके। यहां पीने के लिए आरओ प्लांट व सर्जरी ंबंधी जरुरी संसाधन भी उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा राजकीय पशु औषधालय नंदरामपुर बास को अपग्रेड कर राजकीय पशु अस्पताल का दर्जा दिया जाए। राजकीय पशु औषधालय कोनसीवास को अपग्रेड कर राजकीय पशु अस्पताल का दर्जा दिया जाए। गांव कापड़ीवास में राजकीय पशु औषधालय खोला जाए। धारुहेड़ा स्थित सरकारी गौशाला में पशु चिकित्सक व वीएलडीए का पद सृजित किया जाए। सहारनवास स्थित राजकीय पशु अस्पताल व पॉलीक्लिनिक में माली का पद सृजित किया जाए। राजकीय पशु अस्पताल डूंगरवास का भवन खंडहर होने के कारण कर्मचारी अंदर नहीं बैठ सकते। इस भवन को गिराकर नया निर्माणक कराया जाए, राजकीय पशु अस्पताल रेवाड़ी के जर्जर आवासीय परिसर को तोडक़र पुन: निर्माण कराया जाए तथा सहारनवास पोलीक्लिनिक विभाग के कर्मियों के लिए नए आवासीय परिसर बनाए जाए। विधायक ने इसके अलावा रेवाड़ी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं व मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने क्रमबद्ध तरीके से सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।











