November 2, 2026 10:35 pm

मुंबई लोकल में सीट विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला से अभद्रता; बेल्ट निकालकर हमले की कोशिश

रिपोर्टर योगेश यादव पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पश्चिम रेलवे (WR) की एक लोकल ट्रेन के सेकंड क्लास जनरल डिब्बे में सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान एक महिला यात्री के साथ न केवल अभद्रता की गई, बल्कि एक पुरुष यात्री ने उसे भद्दी-भद्दी गालियां दीं और बेल्ट निकालकर हमला करने की भी कोशिश की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद रेलवे पुलिस हरकत में आ गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब ट्रेन में सीट को लेकर कहासुनी शुरू हुई। आरोपी यात्री सीट पर सोने की बात को लेकर महिला पर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। हैरानी की बात यह रही कि डिब्बे में बैठने के लिए पर्याप्त जगह मौजूद थी, फिर भी वह महिला से लगातार बदसलूकी करता रहा और अपशब्दों का इस्तेमाल करता रहा।

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ने जब आरोपी से शांत रहने और धीरे बोलने की अपील की, तो वह और अधिक भड़क गया। पहले वह कुछ देर के लिए वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी ही देर बाद दोबारा लौटकर महिला के साथ फिर से बहस करने लगा। इस बार उसने गुस्से में अपनी बेल्ट निकाल ली और महिला की ओर बढ़ते हुए हमला करने का प्रयास किया। आरोपी लगातार महिला को धमकाता और गालियां देता रहा, जिससे डिब्बे में मौजूद अन्य यात्री भी सहम गए।

घटना के दौरान ट्रेन में कई यात्री मौजूद थे, लेकिन अधिकांश लोग केवल तमाशबीन बने रहे। किसी ने बीच-बचाव करने की गंभीर कोशिश नहीं की। इसी दौरान किसी यात्री ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही अंधेरी जीआरपी (Government Railway Police) ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वीडियो क्लिप और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गतिविधियों और यात्रा मार्ग का पता लगाने के लिए विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर मुंबई लोकल में महिला यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें