रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP NEWS
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना देखने को मिली. करकच्छी गांव में एक युवक के साथ आधा दर्जन लोगों ने अमानवीय व्यवहार किया. जब ये मामला मीडिया में उठा तो पुलिस ने कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश का विवाद इतना बढ़ा कि बर्बरता तक पहुंच गया. आरोप है कि युवक को पकड़कर उसके हाथ बांधे गए, अर्द्धनग्न किया गया और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया. मारपीट और अमानवीय व्यवहार के भी गंभीर आरोप बदमाशों पर लगे हैं.
जानकारी के मुताबिक, दोपहर बाद 27 वर्षीय भोला के साथ कथित तौर पर यह घटना हुई. पीड़ित के बड़े भाई सरजू प्रसाद ने बभनी थाने में तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी है. तहरीर के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी गांव के करीब आधा दर्जन लोगों ने भोला को पकड़ लिया. आरोप है कि इसके बाद उसके हाथ बांध दिए गए, उसे अर्द्धनग्न किया गया और जूतों की माला पहनाकर गांव की सड़कों पर घुमाया गया.पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान भोला के साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद जब उसके बड़े भाई और भाभी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई. घटना के बाद घायल भोला को परिजन बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
आरोप है कि घटना के बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए. मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने बभनी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, मामले में दुद्धी सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि सरजू प्रसाद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.











