बलिया।आगामी महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। गुरुवार को सिकंदरपुर क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस बल की ब्रीफिंग की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!थाना सिकंदरपुर क्षेत्र स्थित तुलसी पैलेस में आयोजित ब्रीफिंग कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक (आजमगढ़ परिक्षेत्र) सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बाहरी जनपदों से आए पुलिस बल के साथ-साथ जनपद बलिया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला पुलिस के अनुसार, महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा पूरे आयोजन पर प्रशासन की लगातार निगरानी रहेगी।
रिपोर्ट: PNP NEWS, बलिया











