November 2, 2026 10:44 pm

Maharashtra news: विरार के अर्नाला बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र की लहरों में बहे 4 बच्चे; सर्च ऑपरेशन जारी

रिपोर्टर योगेश यादव पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

विरार (पालघर): महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार स्थित अर्नाला समुद्र तट पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। नालासोपारा से घूमने आए चार युवक समुद्र में नहाने के दौरान अचानक तेज लहरों की चपेट में आ गए। हादसे के बाद समुद्र तट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय मछुआरों, लाइफगार्ड, पुलिस और बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से दो युवकों की जान बचा ली गई, जबकि दो अन्य युवक अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे चार युवक अर्नाला बीच पर घूमने पहुंचे थे। कुछ देर बाद सभी समुद्र में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान समुद्र में अचानक ऊंची लहरें उठने लगीं और तेज बहाव ने चारों युवकों को गहरे पानी की ओर खींच लिया। समुद्र तट पर मौजूद लोगों ने जब युवकों को लहरों में फंसते देखा तो तुरंत शोर मचाया और बचाव के लिए मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही स्थानीय मछुआरे, लाइफगार्ड, अर्नाला पुलिस, होमगार्ड तथा दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संयुक्त बचाव अभियान चलाकर दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हालांकि, दो युवक अब भी लापता हैं। उनकी पहचान शोएब जाकिर अहमद खान (17 वर्ष) और आयन जाकिर हुसैन मंडल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों नालासोपारा पश्चिम के सखर मोहल्ला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बचाव दल समुद्र में लगातार उनकी तलाश कर रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय समुद्र में भरती (हाई टाइड) थी और लहरें काफी ऊंची उठ रही थीं। तेज बहाव और खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद पुलिस, लाइफगार्ड, मछुआरे और अन्य बचाव एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि ज्वार कम होते ही खोज अभियान को और तेज किया जाएगा।

इस हादसे के बाद प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि मानसून के दौरान समुद्र बेहद खतरनाक हो जाता है। ऐसे में चेतावनी बोर्ड, लाइफगार्ड के निर्देश और सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। समुद्र में गहरे पानी में जाने या जोखिम उठाने से बचना चाहिए, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल लापता दोनों युवकों की तलाश जारी है और उनके परिजन समुद्र तट पर चिंतित होकर राहत एवं बचाव अभियान के सफल होने की प्रार्थना कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक और चिंता का माहौल है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें