November 2, 2026 8:06 pm

बलिया समाचार: भैंसों के झुंड से टकराई बाइक, 45 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

बैरिया (बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा यूपी-बिहार सीमा के निकट यादव नगर के पास उस समय हुआ, जब सड़क पर अचानक आए भैंसों के झुंड से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और इसकी सूचना डायल-112 पुलिस तथा चांद दीयर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा भिजवाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल, बलिया रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

घायल की पहचान बिहार के सारण (छपरा) जनपद अंतर्गत मांझी नगर पंचायत के उत्तर टोला निवासी बांके बिहारी सिंह (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर आवारा एवं खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर पशुओं की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

चांद दीयर पुलिस चौकी के अधिकारियों ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को समय रहते अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। मामले की जानकारी संबंधित विभाग को भी दी गई है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें