।रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोनभद्र। सोनांचल में सोमवार को दोपहर बाद अचानक शुरू हुई झमाझम बारिश में एक बालक समेत तीन युवक परवा नाले में बह गए। ग्रामीणों ने डूबकर मृत मांची थाना क्षेत्र के चरगड़ा गांव निवासी 18 वर्षीय सुकतार अली का शव घटनास्थल से करीब एक किमी दूर बरामद कर लिया।करीब पांच सौ मीटर दूर नाले में बह रहे गांव के ही 18 वर्षीय बबलू पुत्र मुमताज को सकुशल बचा लिया। जबकि छह वर्षीय अली हसन की तलाश जारी है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी है। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई है।
बिहार की सीमा से सटे मांची थाना क्षेत्र के चरगड़ा गांव निवासी तीनों लड़के सोमवार को दोपहर में कर्मनाशा नदी से जुड़े परवा नाले के पास पिकनिक मनाने गए थे। दोपहर बाद वह पहाड़ी की मांद में बैठकर खाना बना रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हाे गई।
तीनों जब तक कुछ समझ पाते पानी का तेज बहाव तीनों को बहाते हुए परवा नाले में ले गया। तीनों के शोर मचाने पर आसपास में मौजूद लोगों ने तीनों को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बबलू को जिंदा बचा लिया। उसके सिर पर गंभीर चोट आई है।उसे तत्काल वैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना कर दिया। करीब एक घंटे की तलाश के बाद सुकतार अली का शव बरामद किया। तीसरे बहे बालक अली हसन का पता नहीं चल सका है। सूचना पर मांची थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। करीब तीन घंटे झमाझम बारिश के बीच ग्रामीण बहे बालक की तलाश में जुटे रहे लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
राबर्ट्सगंज के उपजिलाधिकारी अश्विनी कुमार ने बताया कि वह हाईकोर्ट आए हैं। घटना की जानकारी है। तहसील की टीम मौके पर रवाना कर दी गई है। वहीं देर शाम तक तलाश के साथ ही प्रशासन मानसून आने के साथ ही झरनों के पास से लोगों को सुरक्षित हटाने की रणनीति बनाना शुरू कर दिया है।
: उत्तर प्रदेश में मानसून की धमाकेदार एंट्री, हीटवेव से पूर्वांचल को मिली राहत, यूपी के इन जिलों में मानसून ने फिलहाल संभाला मोर्चा











