| रिपोर्टर योगेश यादव | पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यूनिवर्सल स्कूल की एक स्कूल बस पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे के समय बस में 12 स्कूली बच्चे मौजूद थे। इस दुर्घटना में कई बच्चे घायल हुए, जबकि 11 साल के छात्र विहान श्रीवास्तव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा चेंबूर की 11 नंबर रोड पर दोपहर करीब 2:50 बजे हुआ। बस गुजर रही थी, तभी अचानक एक बड़ा पेड़ टूटकर बस के ऊपर जा गिरा। हादसे में 10 बच्चे घायल हुए, जिनमें से 5 छात्रों को गंभीर चोटों के चलते जेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद बस चालक, कंडक्टर और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, एक छात्र पेड़ की चपेट में आ गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पेड़ों की छंटाई और खतरनाक पेड़ों को हटाने को लेकर पहले भी कई बार बीएमसी को शिकायतें दी गई थीं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई की जाती तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था।











