November 2, 2026 9:39 pm

हरियाणा समाचार: राव मोहर सिंह स्मृति द्वार का लोकार्पण, मंत्री ने दिया 21 लाख का तोहफा

रेवाड़ी 5 दिसंबर ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि विगत 11 सालों में पारदर्शी और सुशासन की बदौलत दक्षिण हरियाणा के क्षेत्र का समुचित विकास हुआ है। योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दिए जाने की नीति से अहीरवाल के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का एकमात्र कारण यही है कि लोगों को सरकार की सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास रूपी अवधारणा पर पूरा भरोसा है।
मंत्री राव नरबीर सिंह आज गांव कंवाली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अपने दादा व अहीरवाल के प्रथम विधायक स्व. बाबू राव मोहर सिंह की स्मृति में दस लाख की राशि से नवनिर्मित मुख्य द्वार का उद्घाटन करने के पश्चात ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले पक्षपात की नीतियों के कारण दक्षिण हरियाणा रोजगार व विकास के मामले में पिछड़ रहा था। अब मौजूदा सरकार ने इस क्षेत्र की सुध ली है। जिस कारण यहां लॉजिस्टिक हब, एम्स, मेडिकल कॉलेज, नए राजमार्ग, हाई-वे, हॉस्पिटल, स्कूल, कालेज आदि का निर्माण हो रहा है। युवाओं को उनकी काबिलियत के आधार पर सरकार में नौकरियां दी जा रही हैं। हरियाणा सरकार ने अध्यापकों व कर्मचारियों की ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन पॉलिसी लागू कर दी है। जिस कारण अब बदली करवाने के लिए कर्मचारियों को मंत्रियों व विधायक के पास चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। चंडीगढ़ सचिवालय में सरकार का पूरा फोकस हरियाणा के विकास पर रहता है।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 1987 में 26 साल की आयु में तत्कालीन जाटूसाना हलका के लोगों ने उन्हें केवल बाबू मोहर सिंह का पोता होने के कारण जीता कर विधानसभा में भेजा था। जिसका एहसान वह कभी नहीं चुका पाएंगे। इस क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने गांव पाल्हावास, गुरावड़ा में नई आईएमटी को मंजूरी दिलवाई है। जिसके बनने के बाद इस इलाके में खुशहाली का नया दौर आरंभ होगा। मंत्री ने प्राचार्य के अनुरोध पर राजकीय विद्यालय को 21 लाख रुपए की ग्रांट देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय प्रांगण में पौधा लगाया तथा राव मोहर सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
विद्यालय में आयोजित हुई इस सभा में कार्यवाहक जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद यादव, स्कूल प्राचार्य अनिल यादव, जयपाल सिंह, जयसिंह खोला, पूर्व सरपंच सुभाष यादव आदि वक्ताओं ने बताया कि राव मोहर सिंह ने एक शिक्षाविद होने के नाते अहीरवाल क्षेत्र में गांव कंवाली के स्कूल सहित एक दर्जन से अधिक शिक्षण संस्थाओं की स्थापना करवाई थी। संसाधन ना होते हुए भी जन सहयोग से उन्होंने इन संस्थाओं का निर्माण करवाया, जिससे कि यहां के बच्चे पढ़- लिख कर रोजगार के लायक हों और दक्षिण हरियाणा का विकास हो। उनके इस अप्रतिम योगदान को आज भी लोग याद रखते हैं।
समारोह में मंत्री राव नरबीर सिंह को पगड़ी व फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया। छात्राओं ने लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने नेशनल हॉकी खिलाड़ी व राजकीय विद्यालय गांव कंवाली की छात्रा ज्योतिका व पिंकी को सम्मानित किया। उन्होंने दो पुस्तकों का भी विमोचन किया। अजय शर्मा ने राव मोहर सिंह की याद में रागिनी सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर एसडीएम सुरेश कुमार, बीडीपीओ करतार सिंह, जिला पार्षद सुरेंद्र सुरेंद्र माडिय़ा, सरपंच शीलवती यादव, पूर्व पार्षद नरेश कुमार, राजकुमार, बाबू लाल प्रधान, वेद नंबरदार, पूर्व प्राचार्य प्रेम सिंह, अजीत सिंह, सतपाल संधू आदि मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें