रेवाड़ी 30दिसंबर ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
थाना जाटूसाना ने गत 10/11 दिसंबर की रात को गांव नैनसुखपुरा निवासी एक व्यक्ति की हत्या के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव नैनसुखपुरा निवासी यशवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जांचकर्ता के मुताबिक गांव नैनसुखपुरा निवासी मुखत्यार सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 10/11 दिसंबर की रात को वह खाना खाने के बाद सोने के लिए जा रहा था। इस दौरान उनके गांव के महाबीर व उसके परिवार के सदस्यों ने जमीनी विवाद के चलते उसके भाई महेश और उनके परिवार के सदस्यों को घर में घुसकर पीटना शुरू कर दिया। जब वह और उसके परिवार के सदस्य महेश को बचाने के लिए पहुंचे तो इन लोगों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान उसका भाई महेश चोट लगने के कारण बेहोश होकर गिर गया। उनके पड़ोसी राजबीर व दिनेश ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के भाई मुखत्यार सिंह के बयान पर थाना जाटूसाना में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के मामला दर्ज कर त्वरित कार्यवाही करते हुए मामले में संलिप्त सात आरोपी गांव नैनसुखपुरा निवासी नसीब, संदीप, महाबीर, रामकुमार, जगदीश, गजराज व धर्मेंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने अब इस मामले में संलिप्त एक और आरोपी गांव नैनसुखपुरा निवासी यशवीर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।











