संवाददाता: विजेंद्र कुमार मौर्य, रॉबर्ट्सगंज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सोनभद्र। जनपद के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में दुद्धी जाते समय सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की जान बचाने के लिए तत्परता दिखाते हुए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा के पास एक बाइक सवार ट्रैक्टर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया था और सड़क किनारे तड़प रहा था। इसी दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने के लिए दुद्धी जा रहे थे। घायल को देखकर दोनों अधिकारियों ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर उसकी स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद बिना किसी देरी के घायल को अपने स्कॉर्ट वाहन से नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उसका तत्काल उपचार शुरू कराया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल को सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के इस मानवीय कदम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से घायल की जान बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिली।











