रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP NEWS
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुरमा (सोनभद्र)। सदर ब्लाक के गुरमा-मारकुंडी स्थित घाघर नदी पर जिला जेल जाने वाले पुल के निर्माण कार्य के दौरान बनाया गया अस्थायी वैकल्पिक मार्ग 21 जुलाई को आई बाढ़ में बहकर क्षतिग्रस्त हो गया।इसके चलते स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, मरीजों, दैनिक मजदूरों, व्यापारियों, जिला जेल से जुड़े आवागमन तथा पशुओं के आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
नगर पंचायत गुरमा स्थित जय ज्योति इंटरमीडिएट कालेज, विंध्य माध्यमिक उच्चतर विद्या मंदिर, शिशु शिक्षा निकेतन, प्राथमिक विद्यालय तथा मारकुंडी हाईस्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूल पहुंचते हैं। मार्ग खराब होने से स्कूल बसों, आटो, दोपहिया वाहनों और पैदल आने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में कीचड़ और गड्ढों के कारण हादसे की आशंका भी बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाए रखना जरूरी है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से वार्ता की गई, जिन्होंने मार्ग को शीघ्र समतल एवं सुरक्षित बनाकर आवागमन बहाल करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की। इस मौके पर भगवानदास, जिलाजीत यादव, अमरनाथ पनिका आदि रहे।











