Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 26 जून, रिपोर्टेड दीपक तिवारी
नशीली दवाओं के दुस्प्रभाव और अवैध नशा तस्करी के खिलाफ आज अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य जिला पुलिस प्रशासन की ओर से रेवाड़ी की अमंगनी सोसायटी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएसपी बावल सुरेन्द्र श्योराण, प्रबंधक थाना माडल टाऊन निरीक्षक सीमा कुमारी व बड़ी संख्या में सोसायटी वासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डीएसपी सुरेन्द्र श्योराण ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है, और इस चुनौती से निपटने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर अग्रणी भूमिका निभानी होगी। सभी युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा तथा खेलों में लगाएं तथा बेहतर प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने मां-बाप के सपनों को साकार कर अपने इलाके का नाम रोशन करें। मां-बाप अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखें तथा अपने बच्चों को नशे से दूर रहकर शिक्षा तथा खेलकूद की गतिविधियों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों की असली जगह जेल में है, इसलिए नशे का कारोबार करने वालों की सूचना निःसंकोच होकर पुलिस को दें, पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के सार्थक परिणाम सामने आ रहे है तथा जिला के अनेक युवा खेलों की ओर आकर्षित हो रहे है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं व आमजन को नशे की बुराइयों से अवगत करवाना तथा नशे के आदी युवाओं को समाज की मुख्यधारा में जोड़ना है। जिला पुलिस की नशा मुक्त टीम रोज डोर टू डोर जाकर नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक कर रही है। पुलिस टीम लोगों से उनके वार्ड/गांव में नशा करने वालों की जानकारी एकत्रित करके तथा उनकी काउंसलिंग करवाकर नशा छोड़ने के लिए प्रेरित कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को नशा ना करने की शपथ दिलवाई और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा किसी वजह से गलत संगत का शिकार होकर नशे का आदी हो गया है तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें, जिला पुलिस भी इसमें पूरा सहयोग करेगी। नशा एक अभिशाप है इसका मिलकर बहिष्कार करें। अगर आपके पास किसी प्रकार की नशे संबंधी सूचना है कोई व्यक्ति नशे का प्रयोग करता है या नशे की सप्लाई इत्यादि करता है तो इस बारे पुलिस को MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 या 112 नंबर पर सूचित करे। पता व जानकारी बताने वाले व्यक्ति का नाम पता गुप्त रखा जायेगा।रेवाड़ी पुलिस, प्रदेश में नशे के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ लागू करने के लिए संकल्पबद्ध है।











