November 2, 2026 9:49 pm

सड़क पर बना गड्ढा दुर्घटना को दे रहा दावत

रिपोर्टर: विजेन्द्र कुमार मौर्या, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र (PNP New)

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नगर पालिका क्षेत्र के राबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के नीचे सर्विस सड़क पर सीटी कार्ड के समीप बना बड़ा गड्ढा राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। सड़क पर बने इस गड्ढे के कारण वाहन चालक उसे बचाने के प्रयास में आपस में टकरा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वहीं, कई बाइक और साइकिल सवार गड्ढे पर ध्यान न दे पाने के कारण गिरकर घायल हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र के निवासी कृपा, राजू, संदीप, धर्मदेव, शंभू आदि का कहना है कि गड्ढा इतना खतरनाक हो चुका है कि चार पहिया वाहनों को भी इसे पार करने में पलटने का डर बना रहता है। सड़क की अन्य जगहें ठीक होने के कारण वाहन तेज गति से चलते हैं, लेकिन अचानक इस गड्ढे में पहुंचते ही हादसे की आशंका बढ़ जाती है।

लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग को सूचना देने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। गड्ढे को भरने के नाम पर केवल गिट्टी और भस्सी डालकर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है, जो कुछ ही दिनों में दोबारा उखड़कर सड़क पर फैल जाती है और स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।

स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया कि हाल ही में “हर घर जल नल योजना” के तहत पाइपलाइन में लीकेज ठीक करने के लिए सड़क को खोदा गया था। पाइप तो सही कर दिया गया, लेकिन सड़क को ठीक से दुरुस्त नहीं किया गया और गड्ढे को अस्थायी रूप से भरकर छोड़ दिया गया।

इस लापरवाही के चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द स्थायी रूप से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें