संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। वाराणसी जोन के सभी 09 जनपदों में अवैध गतिविधियों की गोपनीय सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए ‘पुलिस सतर्क मित्र’ व्हाट्सऐप चैटबॉट की शुरुआत कर दी गई है। नागरिक अब मोबाइल नंबर 7839860411 पर केवल Hi लिखकर अपराध, संदिग्ध गतिविधियों अथवा संवेदनशील मामलों से जुड़ी जानकारी, फोटो या सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रूप से साझा कर सकेंगे। इस संबंध में शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनपद बलिया के पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह ने गूगल मीट के माध्यम से भाग लिया। प्रेस वार्ता में अधिकारियों और पत्रकारों को इस नई व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ‘पुलिस सतर्क मित्र’ एक इंटरएक्टिव चैटबॉट है, जो सूचना देने वाले नागरिक से क्रमवार आवश्यक विवरण प्राप्त करता है। प्राप्त सूचनाएं सीधे पुलिस के डैशबोर्ड सिस्टम पर प्रदर्शित होंगी। इसके लिए जनपद, रेंज और जोन स्तर पर अलग-अलग डैशबोर्ड विकसित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शिकायतों की निगरानी के बाद संबंधित थाना प्रभारी द्वारा कार्रवाई कर निस्तारण रिपोर्ट डैशबोर्ड पर अपलोड की जाएगी, जिसकी सूचना शिकायतकर्ता को भी नोटिफिकेशन के माध्यम से प्राप्त होगी। इससे शिकायत प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी होगी। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से नागरिकों की सहभागिता बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय मदद मिलेगी, खासकर उन मामलों में जहां लोग पहचान उजागर होने के डर से सूचना नहीं दे पाते थे।











