तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत चांद दियर चौकी से करीब 500 मीटर दूर रेलवे क्रॉसिंग के पास मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण घटना को प्रथम दृष्टया हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना 17 नवंबर की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। हालांकि अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी गंभीर वारदात के बावजूद पुलिस प्रारंभिक जानकारी साझा करने में पारदर्शी नहीं दिख रही है। वहीं, घटनास्थल के आसपास आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है, जिससे लोगों में रोष बढ़ गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि युवती की पहचान और घटना के कारणों का जल्द ही खुलासा किया जाएगा। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।











