Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, 23 सितंबर चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर रेवाड़ी में अमर शहीदों के स्मारक स्थलों पर पहुंच गणमान्य लोगों द्वारा महान विभूतियों को नमन किया गया। शहर के अमर शहीद राव तुलाराम चौक व राव तुलाराम शहीद स्मारक पार्क में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, विधायक अनिल यादव, विधायक बिमला चौधरी व भाजपा जिलाध्यक्ष वन्दना पोपली के साथ महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पचक्र अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं गांव रामपुरा में भी अमर शहीदों की शहादत को सलाम किया गया।
राव तुलाराम सरीखे महानायक हमारे प्रेरणास्रोत : राव इंद्रजीत सिंह
माल्यार्पण करने उपरांत केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम सरीखे महानायक हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के महानायक वीर सपूत एवं महान स्वतन्त्रता सेनानी सहित राष्ट्र प्रेम से सराबोर होकर देश पर कुर्बान होने वाले भारतीय शूरवीर देश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी से लेकर आज तक भारत के लिए जीने वाले हमारे वीर जवान भारत की आन-बान-शान हैं। राष्ट्र रक्षा में अपने आप को दिन रात न्यौछावर करने के लिए सजग रहने वाले वीर योद्धाओं के बलिदान से देश सदैव प्रेरणा लेता रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश के वीर सपूतों व शहीदों के गौरवमयी इतिहास को याद करते हुए युवा शक्ति में देशभक्ति का संचार करने का यह सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि देश की आजादी से पूर्व अंग्रेजों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए आजादी दिलाने में व आजादी के बाद देश की सीमाओं पर सजग प्रहरी के तौर पर हमारे रणबांकुरें अपने प्राणों की परवाह न करते हुए राष्ट्र प्रेम का संदेश देते हुए युवाशक्ति के लिए प्रेरणादायक बने हैं।
राव तुलाराम जैसे महानायक हमारे राष्ट्र का गौरव : आरती सिंह राव
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम की प्रतिमा के समक्ष नमन करते हुए अमर शहीद राव तुलाराम को क्षेत्र ही नहीं पूरे देश का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी महान विभूतियों के दिखाए मार्ग पर चलकर केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर विकास व जनसेवा को समर्पित हो आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि देश को आजादी दिलाने में जिस प्रकार हमारे वीर स्वतन्त्रता सेनानियों ने अपना योगदान दिया, ठीक उसी प्रकार आजादी को कायम रखने में भी देश के वीर रणबांकुरों का अतुलनीय योगदान रहा है। देश की सेनाओं में हर दसवां सैनिक हरियाणा से है और हरियाणा के रेवाड़ी जिला के सैनिकों की भागीदारी सर्वाधिक है।
इस अवसर पर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव व पटौदी विधायक बिमला चौधरी ने संयुक्त रूप से वीर शहीदों के गौरवमयी इतिहास को याद करते हुए युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मानेसर की मेयर इंद्रजीत कौर यादव, जिला परिषद अध्यक्ष मनोज यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन पूनम यादव, रामपुरा के सरपंच नरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अमर शहीद राव तुलाराम को नमन किया।











