November 2, 2026 8:06 pm

बलिया समाचार: दस करोड़ का कटर तीन माह में कटान की जद में, सेमरिया डेरा बस्ती पर मंडराया बाढ़ का खतरा

संपादक नीलेश वर्मा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बलिया गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही शिवपुर कपूर दियर क्षेत्र के सेमरिया डेरा बस्ती पर बाढ़ और कटान का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। नदी का पानी बस्ती की ओर बढ़ने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो अगले दो-तीन दिनों में बस्ती चारों तरफ से पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो सकती है।

बस्ती की सुरक्षा के लिए करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए 10 डैपनर (कटर) भी अब खुद गंगा की कटान की जद में आ गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, निर्माण के महज करीब तीन माह बाद ही कटर के आसपास कटान तेज हो गई है और बस्ती से नदी की कटान की दूरी घटकर महज 10 से 15 मीटर रह गई है। इससे करोड़ों रुपये की लागत से कराए गए बाढ़-कटानरोधी कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती को कटान से बचाने के लिए बनाए गए कटर की सुरक्षा के लिए अब विभाग को अस्थायी उपाय करने पड़ रहे हैं। पुराने सीमेंट के बोरों में मिट्टी भरकर तथा पेड़ों की डालियों के सहारे कटान रोकने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि कार्य निर्माण के समय मानकों के अनुरूप और मजबूत तरीके से कराया गया होता तो इतनी जल्दी ऐसी स्थिति नहीं बनती।

वहीं, पार्कोपाइन कार्य भी ग्रामीणों के सवालों के घेरे में है। आरोप है कि कार्यस्थल पर जेसीबी से मिट्टी डालकर कई हिस्सों को ढक दिया गया, जिससे निर्माण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने पूरे कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

बीएसटी बंधे के दक्षिण बसे एक दर्जन से अधिक गांवों की हजारों की आबादी पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। खेतों में खड़ी खरीफ की फसलें प्रभावित होने की आशंका से किसान चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और बाढ़ विभाग से तत्काल प्रभावी कटानरोधी उपाय कराने तथा करोड़ों रुपये के कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें