तमंचे, कारतूस, चाकू और फाइटर बरामद, पुरानी रंजिश में दिया गया था वारदात को अंजाम।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बैरिया बलिया। जनपद के थाना दोकटी क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से तीन देशी तमंचे, कारतूस, चाकू और एक फाइटर बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम कुरैशी के नेतृत्व में थाना दोकटी पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
*पुरानी रंजिश में की गई फायरिंग*
पुलिस के अनुसार, 21 जनवरी को थाना दोकटी में दर्ज मुकदमे में वादी ने आरोप लगाया था कि विपक्षीगण एक गैंग के रूप में पुरानी रंजिश को लेकर एकजुट हुए और उसके भतीजे को जान से मारने की नीयत से तमंचों से फायर किया। गोली युवक के पास से निकल गई। इसके बाद आरोपी चाकू लेकर दौड़े, जिससे पीड़ित परिवार जान बचाकर भागा। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना दोकटी में मुकदमा संख्या 12/26, धारा 109/352/351(3)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
*मुखबिर की सूचना पर दबिश*
22 जनवरी की रात गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त मामले के आरोपी बैरिया-चांददीयर मार्ग पर भारत पेट्रोल पंप के पास सोनबरसा गांव में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सभी आरोपियों को सुबह करीब 4:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।
*गिरफ्तार आरोपी*
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रकाश कुमार सिंह, शनि यादव उर्फ अभिमन्यु यादव, अनूप यादव, मनीष यादव, प्रियांशू सिंह, ओम सिंह उर्फ आदित्य, विकास कुमार यादव और हिमांशू यादव शामिल हैं। इसके साथ ही तीन बाल अपचारी भी हिरासत में लिए गए हैं।
*हथियारों की बरामदगी*
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तीन देशी तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, तीन नाजायज चाकू और एक फाइटर बरामद किया गया।
*अपराध का पुराना रिकॉर्ड*
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त विकास कुमार यादव और शनि यादव के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











