रिपोर्टर: योगेश यादव | पीएनपी न्यूज़ महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुंबई लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।बदलापुर जाने वाली फास्ट लोकल ट्रेन में मोबाइल चोरी का विरोध करना एक युवक को लगभग अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। चोरी की कोशिश नाकाम होने पर आरोपी ने युवक को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे वह सीधे रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ा। हादसे में युवक का पैर ट्रेन के पहिए के नीचे आ गया और घुटने के पास से कट गया।
घायल युवक की पहचान रितेश राकेश येरुणकर (30) के रूप में हुई है, जो बदलापुर पूर्व के आनंद नगर क्षेत्र का निवासी है। रितेश ठाणे जिले के शिवूड़ इलाके में स्थित एक निजी मॉल में कपड़ों की दुकान में काम करता है। यह सनसनीखेज घटना 18 जनवरी 2026 की देर रात की है। काम खत्म कर रितेश रात करीब 11 बजे ठाणे स्टेशन से बदलापुर जाने वाली फास्ट लोकल में सवार हुआ था।
मोबाइल छीना, विरोध किया तो धक्का देकर ट्रेन से गिराया
रेलवे पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11:45 बजे जब ट्रेन अंबरनाथ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से आगे बढ़ रही थी, तभी पास बैठे एक युवक ने अचानक रितेश के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। रितेश ने तुरंत विरोध किया और मोबाइल वापस लेने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे जोरदार धक्का दे दिया। संतुलन बिगड़ने से रितेश चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। गिरते वक्त उसका बायां पैर ट्रैक पर आ गया और ट्रेन के पहिए के नीचे कुचल गया।
हादसे में रितेश का बायां पैर पूरी तरह अलग हो गया, जबकि सिर के पीछे गंभीर चोट आई है। चेहरे पर गहरे जख्म हैं और एक आंख में भी गंभीर सूजन बताई जा रही है। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने तुरंत उसे उल्हासनगर सेंट्रल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मुंबई के केईएम अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल रितेश सर्जिकल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोपी गिरफ्तार, यात्रियों में आक्रोश
कल्याण जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश बालकृष्ण जाधव को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद यात्रियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। देर रात चलने वाली लोकल ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्त और निगरानी को लेकर रेलवे प्रशासन पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।











