Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप, एएसपी दक्षिणी कर रहे गहन जांच।
तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बैरिया बलिया। रेवती थाना क्षेत्र में शराब तस्करी से जुड़े कथित व्हाट्सएप चैट और वीडियो वायरल होने के मामले ने पुलिस विभाग को सकते में डाल दिया है। वायरल चैट में शराब तस्करी से जुड़े लेन-देन और पुलिस कर्मियों की संभावित संलिप्तता के संकेत मिलने के बाद मामला तुरंत गंभीर हो गया। घटना की जांच क्षेत्राधिकारी बैरिया द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया लापरवाही और संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर गोपालनगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुभेन्द्र सिंह सहित चौकी के सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कई अहम बिंदु सामने आए, जिनकी पुष्टि के लिए विस्तृत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान किसी भी आरोपी या संदिग्ध को बख्शा नहीं जाएगा। इसी कड़ी में थानाध्यक्ष रेवती की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। उनकी भूमिका की विशेष जांच का जिम्मा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर को सौंपा गया है। एएसपी दक्षिणी मामले से संबंधित समस्त तकनीकी साक्ष्यों वायरल चैट, वीडियो, कॉल रिकॉर्ड एवं संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वायरल चैट की सच्चाई, उससे जुड़े लोगों की वास्तविक भूमिका तथा संभावित संरक्षण की हर स्तर पर जांच होगी। यदि किसी भी पुलिसकर्मी की संलिप्तता साबित होती है, तो उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर जनचर्चा तेज हो गई है। वहीं, प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक निष्कर्ष आने के बाद भी आगे कई बिंदुओं पर जांच जारी रहेगी और आवश्यकतानुसार गिरफ्तारी व निलंबन सहित अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।











