November 2, 2026 9:52 pm

SBI शाखा में दराज से रिवॉल्वर गिरकर चली गोली, बैंक कर्मचारी घायल

वाराणसी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

शिवपुर थाना क्षेत्र के क्राइस्ट नगर चांदमारी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मेज की दराज से अचानक लाइसेंसी रिवॉल्वर नीचे गिर जाने से गोली चल गई। हादसे में बैंक की एक महिला कर्मचारी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कर्मचारी को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हिम्मतनगर निवासी खाताधारक संजीव शुक्ला पुत्र स्व. शेषमणि शुक्ला दोपहर करीब 2:30 बजे अपने खाते से जुड़े कार्य के सिलसिले में चांदमारी स्थित एसबीआई शाखा आए थे। बैंक में प्रवेश करते समय उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर वहां तैनात गार्ड को सौंप दी। गार्ड ने रिवॉल्वर को सुरक्षा के लिहाज से पास ही स्थित मेज की दराज में रख दिया।

करीब 10 मिनट बाद दोपहर 2:40 बजे बैंक कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी किसी कार्यवश उस मेज के पास पहुंचीं और जैसे ही उन्होंने दराज खोली, अंदर रखी रिवॉल्वर असंतुलित होकर फर्श पर गिर गई। जमीन से टकराते ही रिवॉल्वर से अचानक फायर हो गया और गोली अनुराधा त्रिपाठी के पैर के निचले हिस्से में जा लगी। गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही बैंक में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी दहशत में आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायल अनुराधा त्रिपाठी को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। सोशल मीडिया सेल, डीसीपी वरुण जोन (कमिश्नरेट वाराणसी) की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि मौके पर शांति व कानून व्यवस्था कायम है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें