Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के राज्य सरकार के संकल्प को मजबूत करते हुए हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की रेवाड़ी यूनिट ने कार्यवाही को अंजाम दिया है। ब्यूरो ने गुप्त सूचना के आधार पर जिले के शिव मंदिर, बड़ा तालाब के पास से एक नशा तस्कर को 9.38 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
एनसीबी रेवाड़ी यूनिट के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शिव मंदिर, बड़ा तालाब के पास प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाला है। इस सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी जितेंद्र सोनी उर्फ सोनू पुत्र नरेश सोनी, निवासी मोहल्ला बास सिताब राय को मौके पर ही धर दबोचा।
आरोपी की तलाशी एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में ली गई, जिसमें उसके पास से 9.38 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना शहर रेवाड़ी में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 1933, मानस पोर्टल (www.ncbmanas.gov.in) या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।











