Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेवाड़ी, रिपोर्टर दीपक तिवारी
जीआरपी एसएचओ चंदन सिंह व आरपीएफ निरीक्षक विनोद कुमार जांगड़े के नेतृत्व में एसआई सत्यपाल, एएसआई उर्मिला, एएसआई अजयव्रत, एचसी प्रवीण, कांस्टेबल दिनेश, मीना, अरविंद सहित अन्य जवानों ने रेवाड़ी रेलवे स्टेशन व परिसर के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डॉग स्क्वायड के साथ एक व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया। पुलिस ने स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों व स्थानों की जांच की। 
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करना था। जांच अभियान के दौरान फरीदाबाद से आए डाग स्क्वायड की टीम भी मौजूद रही। डाग स्क्वायड की मदद से रेलवे स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रेन यात्रियों के सामान की जांच की गई। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पार्किंग, टिकट घर सहित पार्सल बुकिंग ऑफिस पर भी चेकिंग की गई।
जीआरपी एसएचओ चंदन सिंह व आरपीएफ निरीक्षक वीके जांगड़े ने बताया कि जीआरपी व आरपीएफ ने सुरक्षा के मद्देनजर और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को काबू करने, संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की उपस्थिति को रोकने के लिए यह सर्च अभियान चलाया गया। रेलवे में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यदि आपके आसपास कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।











