संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जनपद बलिया के समस्त माध्यमिक, सीबीएसई एवं निजी विद्यालयों में शत-प्रतिशत स्काउटिंग गतिविधियों के संचालन के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में शेमुसी विद्यापीठ रेवती में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। मुख्यायुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी बलिया ओजस्वी राज के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का नेतृत्व जिला प्रशिक्षण आयुक्त निर्भय नारायण सिंह ने किया। शिविर में एक साथ कब-बुलबुल एवं स्काउट-गाइड दोनों संवर्गों का प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप राय ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड बच्चों में स्वावलंबन, सदाचार, नैतिकता एवं नेतृत्व कौशल का विकास करता है, जिससे वे परिवार, समाज और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित नागरिक बनते हैं।
जनपद से पधारे प्रशिक्षकों काउंसलर उपेंद्र नारायण सिंह, डीओसी गाइड सरिता कुमारी एवं गाइड कैप्टन आरोही सिंह के निर्देशन में ध्वज शिष्टाचार के साथ प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। शिविर में बीपी-6, स्काउट प्रार्थना, झंडा गीत, नियम एवं प्रतिज्ञा, रस्सी के कार्य, गांठ व बंधन, हस्तशिल्प कौशल, क्राफ्टिंग तथा विविध खेलकूद गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।











