संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। बाबा लक्ष्मण दास राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज, बैरिया के खेल मैदान पर यूथ क्लब हेल्पलाइन द्वारा आयोजित लोकनायक जयप्रकाश नारायण स्मृति टी-20 कप अंतरप्रांतीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को हुआ। उद्घाटन मुकाबला बलिया और छपरा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें बलिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छपरा को पराजित किया। टॉस जीतकर छपरा के कप्तान कुंदन शर्मा ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में छपरा की टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। छपरा की ओर से ओपनर बल्लेबाज अर्पित ने 29 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 39 रन की पारी खेली। वहीं रितेश यादव ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर 1 चौका और 6 छक्कों की सहायता से 45 रन बनाए। बलिया की ओर से दीपक चिराग ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट, जबकि लोकेश पांडे ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट झटके। 161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलिया की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 17ओवर 3 गेंद में ही 164 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बलिया की ओर से नवाद ने 37 गेंदों पर 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा आकाश ने 25 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की सहायता से 31 रन बनाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बलिया टीम के उज्जवल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. विपलेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए प्रोत्साहित किया। मैच में स्कोरर की भूमिका रोहित और सुनील गुप्ता ने निभाई, जबकि कमेंट्री सोनू चौबे और मनु कुमार ने की। अंपायर की जिम्मेदारी जितेंद्र यादव और मनोज कन्नौजिया ने संभाली।











