संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। बलिया जिले के मुरली छपरा ब्लॉक अंतर्गत शिवपुर दियर स्थित रामानुज आश्रम में आयोजित लक्ष्मी-नारायण यज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का समापन शुक्रवार को विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर करीब दस हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की तैयारियां गुरुवार देर रात से ही शुरू हो गई थीं। शुक्रवार सुबह से हलवाई पूड़ी-सब्जी बनाने में जुट गए, जबकि बड़ी संख्या में महिलाएं सब्जी काटने और प्रसाद तैयार करने में लगी रहीं। आयोजन की शुरुआत परंपरा अनुसार साधु-संतों को प्रसाद ग्रहण कराने से हुई। आयोजक राधाकृष्ण ब्रह्मचारी जी ने दर्जनों साधुओं को अंगवस्त्र और नगद भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया। इसके बाद श्रद्धालुओं का तांता लग गया। देर शाम तक भंडारा चलता रहा। इस दौरान बीच-बीच में स्वामी जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रही। भंडारे में यूपी-बिहार सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रामानुजाचार्य परंपरा के श्रद्धालु पहुंचे। सभी अतिथियों और भक्तों का आयोजक राधाकृष्ण ब्रह्मचारी जी द्वारा आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया। बताया गया कि वृंदावन से पधारे कथा वाचक चतुर्भुज महाराज ने एक सप्ताह पूर्व श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया था। वहीं तीन जनवरी से लक्ष्मी-नारायण यज्ञ प्रारंभ हुआ था, जिसका समापन शुक्रवार को भव्य भंडारे के साथ हुआ।











