November 2, 2026 10:45 pm

BALLIA NEWS: अवैध खनन से सरयू तटवर्ती गांवों में दहशत, 20 फीट तक हो रही खुदाई।

संवाददाता अजीत कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैरिया (बलिया)। तहसील बैरिया क्षेत्र में सरयू नदी के तटवर्ती इलाकों में धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। राम बालक बाबा के मठिया सुरेमनपुर से लेकर अधिसिजुवा, बकुलहा पुरानी रेलवे लाइन टोला फतेहराय के समीप छाड़न क्षेत्र और नई बस्ती अठगांवा तक नदी के किनारे सफेद बालू व मिट्टी का अवैध खनन लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन माफिया सरयू नदी के तल से लगभग 20 फीट तक गहराई में खुदाई कर सफेद बालू व मिट्टी निकाल रहे हैं और उसे ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इस अंधाधुंध खनन से न सिर्फ नदी की प्राकृतिक धारा प्रभावित हो रही है, बल्कि तटबंध भी कमजोर हो रहे हैं, जिससे भविष्य में बड़े कटान और जान-माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले से ही सरयू नदी का कटान कई गांवों को निगल चुका है, अब अवैध खनन ने हालात और भयावह बना दिए हैं। खनन से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियां बिना पंजीकरण और बिना किसी रोक-टोक के सड़कों पर फर्राटा भर रही हैं। वाहनों से गिरने वाली सफेद बालू व मिट्टी के कारण बारिश में सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं, जबकि धूप में धूल के गुबार से राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अवैध खनन को लेकर आवाज उठाने पर उन्हें धमकाने की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, ओवरलोड व बिना पंजीकरण वाले वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा नियमित प्रशासनिक निगरानी की मांग की है। इस संबंध में जब जिला खनन अधिकारी बलिया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। जानकारी मिलने पर जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें