रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news। खरीफ अभियान-2026 के दौरान किसानों को खाद की किल्लत से बचाने और समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिले की सहकारी समितियों और उर्वरक बिक्री केंद्रों के लिए कुल 1482.75 मीट्रिक टन यूरिया उर्वरक का आवंटन स्वीकृत कर दिया गया है जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जनपद की 63 बी-पैक्स समितियों, 10 अन्य सहकारी समितियों तथा इफको की 13 फ्रेंचाइजी केंद्रों के लिए यह आवंटन जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति के बाद स्वीकृत किया गया है। आवंटन के अनुरूप पीसीएफ द्वारा संबंधित केंद्रों पर यूरिया भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे रोपाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े।
खाद वितरण व्यवस्था पर रोज होगी नजर
बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरक वितरण व्यवस्था की प्रतिदिन निगरानी की जाए और इसकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों को कृषि कार्यों केदौरान किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है। ऐसे में खरीफ फसलों की बुवाई और रोपाई के समय उर्वरकों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी वितरण व्यवस्था में लापरवाही, कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश या अन्य अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर प्रशासन सख्त
बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसानों को निर्धारित दर पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी केंद्र पर ओवररेटिंग, कालाबाजारी या खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि खाद की उपलब्धता और बिक्री की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था लागू की जा रही है।
किसानों से सतर्क रहने और शिकायत दर्ज कराने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनेनजदीकी सहकारी समिति या अधिकृत उर्वरक केंद्र से ही उर्वरक खरीदें तथा निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान न करें। यदि किसी स्थान पर खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग अथवा कृत्रिम अभाव की जानकारी मिले तो तत्काल सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9198788248 एवं 9451637073 पर सूचना दें। इसके अलावा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के मोबाइल नंबर 9452165778 तथा अपर जिला कृषि अधिकारी के मोबाइल नंबर 8881173660 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।बैठक में जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार, एडीसीओ कोऑपरेटिव सुरेश कुमार सहित कृषि एवं सहकारिता विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का दावा है कि समय रहते की गई इस तैयारी से खरीफ सीजन में किसानों को खाद संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा और कृषि कार्य सुचारु रूप से संचालित होंगे।











