रेवाड़ी चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सोशल मीडिया पर एक डंपर की तस्वीर तेजी से वायरल होने के बाद भाजपा नेता एवं परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण के प्रदेश समन्वयक डॉ. सतीश खोला ने पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डॉ. सतीश खोला द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक बिना नंबर प्लेट वाले डंपर की फोटो और वीडियो प्रसारित की जा रही हैं। इन तस्वीरों में डंपर पर उनका नाम “सतीश खोला” लिखा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके कारण लोगों में यह धारणा बन रही है कि उक्त वाहन या उससे जुड़ी गतिविधियों का उनसे कोई संबंध है। शिकायत में डॉ. खोला ने स्पष्ट कहा है कि उनका न तो किसी डंपर से कोई संबंध है और न ही वह किसी प्रकार का ट्रांसपोर्ट व्यवसाय करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ अज्ञात व्यक्ति जानबूझकर उनके नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री फैला रहे हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। इसके चलते कई लोग फोन, संदेश और सोशल मीडिया टिप्पणियों के माध्यम से उनके बारे में गलत धारणाएं बना रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक तनाव और सार्वजनिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. सतीश खोला ने एसपी रेवाड़ी से मांग की है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की सामग्री प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ साइबर अपराध और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उनके नाम का दुरुपयोग कर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार को तत्काल रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने विश्वास जताया है कि पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करेगा।











