रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने मंगलवार को जिला कार्यालय में वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक पीडीए समाज के अधिकारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पीडीए समाज के युवाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित होना पड़ रहा है। रामनिहोर यादव ने कहा कि आरक्षण केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का आधार है। संविधान ने समाज के वंचित वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए आरक्षण का प्रावधान किया है, लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियों से यह व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारी विभागों में भर्तियों और नियुक्तियों के दौरान आरक्षण के नियमों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के माध्यम से चलाए जा रहे पीडीए जागरूकता अभियान के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आरक्षण संबंधी शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों से स्पष्ट होता है कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए और आरक्षण से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी सरकारी भर्तियों औरनियुक्तियों में आरक्षण नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा आरक्षित वर्गों के हितों की रक्षा के लिए सरकार ठोस कदम उठाए। इस मौके पर सपा राष्ट्रीय सचिव पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह पटेल, मुनीर अहमद, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय यादव, विजय यादव, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, सुनील गौड़, मन्नू पांडेय, परमेश्वर यादव, अशोक पटेल, अनिल प्रधान, सुभाष यादव, फारूक अली, जिलानी, कृष्णा पंडित आदि मौजूद रहे।











