रिपोर्टर: योगेश यादव | PNP News Maharashtra
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!महाबलेश्वर में दर्दनाक सड़क हादसा, 700-800 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो; 8 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने आठ परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पोलादपुर-आंबेनळी घाट मार्ग पर एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 700 से 800 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। अंधेरा, घाट का दुर्गम रास्ता और खाई की गहराई राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी बाधा बने। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और महाबलेश्वर ट्रैकर्स की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया।
मृतकों की पहचान सातारा जिले के कोरेगांव तहसील स्थित आसगांव गांव के निवासियों के रूप में हुई है। इनमें महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यू शिंगटे (25) और नितीन किसन नायकोंडे (35) शामिल हैं।
सोमवार सुबह से चार अलग-अलग रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर बचाव कार्य में जुटी रहीं। खाई की गहराई और कठिन परिस्थितियों के कारण अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।
हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि घाट मार्ग के खतरनाक मोड़, रात के समय कम दृश्यता या वाहन का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना की वजह हो सकता है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद आसगांव गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्टर: योगेश यादव | PNP News Maharashtra











