ऑपरेशन मुस्कान के तहत तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन एवं सतत पतारसी के आधार पर पुलिस को मिली बड़ी सफलता लगभग 2500 किमी का कठिन सफर तय कर बिना विश्राम किए पुलिस टीम नाबालिग बालिका को सुरक्षित वापस आगर लाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पीएनपी न्यूज़ /रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान
आगर मालवा /थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए चले जाने संबंधी सूचना प्राप्त होने पर थाना कोतवाली में दिनांक 13/05/2026 को धारा 137(2) बी.एन.एस. के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल खोजबीन प्रारंभ की गई।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आगर मालवा दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर तलाश की गई तथा तकनीकी साक्ष्यों, भौतिक साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर निरंतर पतारसी की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम को नाबालिग बालिका एवं आरोपी के अमृतसर (पंजाब) क्षेत्र में होने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। इसके पश्चात थाना कोतवाली पुलिस टीम उप निरीक्षक सुनीता परिहार के नेतृत्व में तत्काल अमृतसर रवाना हुई। वहां पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, लॉज, होटल एवं अन्य संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की गई।
पुलिस टीम द्वारा अमृतसर स्थित जलियांवाला बाग, अटारी-वाघा बॉर्डर, सार्वजनिक स्थलों एवं गुरुद्वारा क्षेत्र में भी सतत निगरानी एवं खोजबीन की गई। लगभग दो दिनों तक पुलिस टीम ने गुरुद्वारा एवं लंगर परिसर के आसपास लगातार गहन तलाश अभियान चलाया। टीम द्वारा वहीं रुककर निरंतर निगरानी रखी गई तथा लंगर में आने-जाने वाले हजारों लोगों पर पैनी नजर बनाए रखी गई। पुलिस टीम ने संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित करने हेतु रणनीतिक तरीके से कार्य करते हुए लगातार मानवीय एवं तकनीकी निगरानी जारी रखी।
पुलिस की सतर्कता, धैर्य एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप नाबालिग बालिका को गुरुद्वारा परिसर में लंगर से बाहर निकलते समय सकुशल दस्तयाब किया गया तथा संदेही को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
दस्तयाबी उपरांत नाबालिग बालिका को सुरक्षित आगर लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। नाबालिग बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों द्वारा आगर मालवा पुलिस एवं पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
संदेही से पूछताछ की जिसने अपना जुर्म स्वीकार किया जिसे विधिवत गिरफ्तार किया।
*गिरफ्तारशुदा आरोपी*
निखिलेश पिता प्रभु लाल बामनिया उम्र 26 साल पता ग्राम मनासा नलखेड़ा आगर मालवा
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी द्वारा उक्त कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए प्रोत्साहन हेतु इनाम की घोषणा की एवं निर्देशित किया गया कि गुमशुदा बालक-बालिकाओं की तलाश संबंधी प्रकरणों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई एवं तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्रत्येक पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत मिल सके।
*सराहनीय भूमिका :*
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली शशि उपाध्याय, उपनिरीक्षक सुनीता परिहार, प्रधान आरक्षक संदीप ठाकुर, आरक्षक आशीष शुक्ला एवं आरक्षक सुब्रतो शर्मा सहित थाना कोतवाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिनके सतत प्रयास, तकनीकी विश्लेषण एवं प्रभावी कार्रवाई से नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त हुई।











