रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रिपोर्टर: विजेन्द्र कुमार मौर्या, PNP NEWS
सोनभद्र जिले के अनपरा कालोनी स्थित शिवमंदिर में बुधवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर में स्थित इस मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने पांच दानपेटी और तीन बक्सों में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
बेखौफ चोरों ने शिवलिंग के पास स्थापित लगभग 800 ग्राम चांदी का नाग देवता भी चुरा लिया। इतना ही नहीं, शिवलिंग और अरघा पर लगी चांदी की शीट को भी उखाड़ने का प्रयास किया, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो सके।
घटना को अंजाम देने के बाद चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे साक्ष्य जुटाने में पुलिस को कठिनाई हो सकती है।
मंदिर के पुजारी तपेश्वर देव पांडेय के अनुसार, रात करीब 10 बजे मंदिर को बंद किया गया था। सुबह 5 बजे जब वे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था।
चोरी की सूचना मिलते ही कालोनी में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर विरोध जताने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही तापीय परियोजना के सीजीएम अजय कुमार कटियार मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा विभाग को कड़ी फटकार लगाई।
वहीं, अनपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। उप निरीक्षक संतोष कुमार पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। बाद में जिला मुख्यालय से पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।











